नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus) का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। लॉकडाउन (Lockdown) और तमाम प्रयासों के बावजूद एक सप्ताह से रोज तकरीबन 6000 नए केस सामने आ रहे हैं। सरकार ने गुरुवार सुबह बताया कि देश में कोविड-19 के कुल 1,63,116 केस हैं। भारत (India) इस आंकड़े के साथ सबसे अधिक केस के मामले में दुनिया में 9वें और एशिया में पहले नंबर पर आ गया है। (source : www.worldometers.info)

गुरुवार को महाराष्ट्र में 2598, तमिलनाडु में 827, प. बंगाल में 344, मध्यप्रदेश में 192, राजस्थान में 131, आंध्रप्रदेश में 128, कर्नाटक में 75 और बिहार में 54 मरीज मिले। ये आंकड़े Covid19.Org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में संक्रमण के 1 लाख 63 हजार 116 मामले आए हैं। इनमें से 86 हजार 110 का इलाज चल रहा है। 67 हजार 692 ठीक हो चुके हैं और 4531 की मौत हो चुकी है।
भारत में डेथ रेट बढ़ा रहा चिंता

भारत सबसे ज्यादा कोरोना मामले वाले टॉप 10 देशों में तो शुमार है ही, एशिया में सबसे ज्यादा डेथ रेट वाले देशों में भी है। 7 दिनों के साइकल के आधार पर डेथ रेट की गणना करें तो भारत में यह 4.0 है। 30 हजार से ज्यादा केस वाले एशिया के 7 देशों में सिर्फ बांग्लादेश ही ऐसा है जिसका डेथ रेट भारत से ऊपर है। वहां डेथ रेट 5.0 है। इस लिस्ट में तुर्की के आंकड़े शामिल नहीं हैं।