रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व बुधवार को राजधानी रायुपर में हुई स्वतंत्रता दौड़ में बच्चों के साथ सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री मेयर, कमिश्नर और अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। शहीदों की याद में इस दौड़ का आयोजन प्रत्येक वर्ष किया जाता है। दौड़ में शामिल सांसद और विधायकों ने कहा कि यह आपसी सद्भाव और प्रेम का प्रतीक है।
जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण की ओर से यह दौड़ शहीद भगत सिंह चौक से कलेक्टोरेट और फिर वहां से वापस शहीद भगत सिंह चैक पहुंच कर समाप्त हुई। दौड़ में राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, सांसद सुनील सोनी, विधायक व पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक विकास उपाध्याय, छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी रिमझिम फुहारों के बीच इसमें शामिल हुए।
राज्यसभा सांसद छाया वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ लोगों में आपसी सद्भाव और एकता को प्रदर्शित करती है। सांसद सुनील सोनी ने कहा कि देश की आजादी में हजारों लोगों ने अपनी शहादत दी। देश के इन शहीदों की कुर्बानी सदा अमर रहेगी। उनकी यादों को हमारे दिलों में जिंदा रखेगी। आज हम यह प्रण भी ले कि वृक्षों को अपना मित्र बनाएंगे और एक पेड़ अवश्य लगाएंगे।